Skip to main content

क्षत्रिय करणी सेना का बड़ा स्पष्टीकरण, अभिषेक सिंह को लेकर राष्ट्रीय कार्यालय ने जारी किया बयान

By The Ishraj Times | 01 June 2026

क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय कार्यालय ने छत्तीसगढ़ संगठन को लेकर चल रही चर्चाओं और सोशल मीडिया पर प्रसारित विभिन्न दावों के बीच आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी किया है। संगठन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि हाल के दिनों में कुछ माध्यमों के जरिए ऐसी जानकारियां प्रसारित की जा रही हैं जो संगठन के आधिकारिक रिकॉर्ड और निर्णयों से मेल नहीं खातीं।


राष्ट्रीय कार्यालय द्वारा जारी बयान में स्पष्ट किया गया है कि श्री अभिषेक सिंह कभी भी क्षत्रिय करणी सेना छत्तीसगढ़ के विधिवत नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष नहीं रहे। संगठन के अनुसार उन्हें विशेष परिस्थितियों में सीमित अवधि के लिए कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया था। वहीं छत्तीसगढ़ प्रदेश के अधिकृत प्रदेश अध्यक्ष के रूप में श्री वीरेंद्र सिंह तोमर का नाम पूर्व से मान्य रहा है और वर्तमान में भी वही संगठन के मान्यता प्राप्त प्रदेश अध्यक्ष हैं।


प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के दौरान कुछ मामलों में संगठन के संविधान, अनुशासन और निर्धारित प्रक्रियाओं के विपरीत गतिविधियों की जानकारी राष्ट्रीय नेतृत्व के संज्ञान में आई थी। इसके बाद राष्ट्रीय स्तर पर निर्णय लेते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश कार्यकारिणी को भंग कर दिया गया था।

संगठन का कहना है कि कार्यकारिणी भंग होने के बाद कुछ व्यक्तियों द्वारा सोशल मीडिया पर विभिन्न प्रकार के दावे, कथित इस्तीफे और संगठन से संबंधित बयान प्रसारित किए गए। राष्ट्रीय कार्यालय के अनुसार उस समय संबंधित व्यक्तियों को संगठन का प्रतिनिधित्व करने अथवा संगठन के नाम का उपयोग करने का अधिकार प्राप्त नहीं था।

प्रेस विज्ञप्ति में उन दावों का भी खंडन किया गया है जिनमें बड़ी संख्या में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के संगठन छोड़ने की बात कही गई थी। संगठन ने ऐसे दावों को भ्रामक बताते हुए कहा कि अधिकांश जिला, तहसील, संभाग और प्रदेश स्तर के पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता आज भी संगठन और उसके राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं।

राष्ट्रीय कार्यालय ने कहा कि क्षत्रिय करणी सेना किसी एक व्यक्ति पर आधारित संगठन नहीं है, बल्कि इसकी पहचान संगठनात्मक अनुशासन, समाजहित, सिद्धांतों और कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता से है। संगठन ने समाज के लोगों और कार्यकर्ताओं से केवल अधिकृत पदाधिकारियों एवं राष्ट्रीय कार्यालय द्वारा जारी सूचनाओं पर ही विश्वास करने की अपील की है।

यह प्रेस विज्ञप्ति डॉ. राज शेखावत, संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष, क्षत्रिय करणी सेना के आदेशानुसार राष्ट्रीय कार्यालय द्वारा जारी की गई है।

Comments